छत्तीसगढ़ का बीजापुर एक बाद फिर से नक्सलियों के कारनामे से खून से हो गया लाल
बीजापुर. छत्तीसगढ़ का बीजापुर एक बाद फिर से नक्सलियों के कारनामे से खून से लाल हो गया. नक्सलियों ने DRG जवान की पीट-पीट कर बेरहमी से हत्या कर दी. जवान इससे पहले नक्सली संगठन में ही काम करता था और सरेंडर करने के बाद पुलिस की योजना के तहत DRG में भर्ती हुआ था. वारदात जांगला थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम की है. नक्सलियों की भैरमगढ़ एरिया कमेटी ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली है. हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. बताया जा रहा है कि उच्चाधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं.
सूत्रों के मुताबिक, कोतरापाल निवासी सोमडु उर्फ मल्लेश DRG में कांस्टेबल पदस्थ था. वह अपने किसी काम से गृहग्राम आया हुआ था. यहां से लौटने के दौरान गुरुवार शाम करीब 5 बजे नक्सलियों ने रास्ते में उसे घेर लिया. नक्सलियों ने उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी. कुछ साल पहले ही सोमुड ने सरेंडर किया था. नक्सलियों की भैरमगढ़ एरिया कमेटी ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली है. बताया जा रहा है कि इसके पहले भी सोमुड को नक्सलियों ने धमकी भरे संदेश भेजे थे और वह उसके डीआरजी में भर्ती होने से नाराज चल रहे थे.
बीजापुर में चार दिनों में यह चौथी हत्या है. इससे पहले नक्सलियों ने 24 जनवरी को गोपनीय सैनिक की गला रेतकर हत्या कर दी थी. वहीं 25 जनवरी को मध्य प्रदेश के एक ठेकेदार को बेरहमी से मार दिया था. इसके बाद 27 जनवरी को भी एक बर्खास्त कांस्टेबल का उसके घर में सोते हुए गला रेत दिया गया था. हालांकि पुलिस ने इसे आपसी रंजिश में हत्या होने की बात कही थी. इस संबंध में भी अभी ज्यादा कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है.

पाठको की राय